नीमच। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) की पुनः परीक्षा रविवार, 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5रू15 बजे तक जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 926 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय में 456 तथा स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज में 470 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। शनिवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने दोनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए बैठने, पेयजल एवं अल्पाहार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जनरेटर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पेयजल एवं यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
नगर समन्वयक एवं केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य प्रियदर्शन गर्ग ने बताया कि अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होकर दोपहर 1.30 बजे तक रहेगा। प्रवेश पत्र के साथ पासपोर्ट एवं पोस्टकार्ड आकार का फोटो तथा पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति रहेगी।
परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, लाइव सीसीटीवी निगरानी, एचएचएमडी जांच और त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं फ्रिस्किंग की व्यवस्था भी की गई है।