नीमच। सेवा एवं संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा नीमच द्वारा आयोजित सात दिवसीय योग शिविर का समापन आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर किया जाएगा। यह योग शिविर 15 जून से 21 जून तक आईएफके एकेडमी, टीआईटी कॉलोनी के पास, बीएसएनएल रोड, नीमच में प्रतिदिन प्रातः 6.30 बजे से 8.00 बजे तक आयोजित किया गया।
योग शिक्षिका रिमझिम मंगल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में परिषद के सदस्यों के साथ-साथ शहर के अनेक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सात दिनों तक प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज समापन सत्र का आयोजन प्रातः 7रू30 बजे से 9रू00 बजे तक किया जाएगा। शिविर के दौरान प्रतिदिन योगाभ्यास के उपरांत प्रतिभागियों को पौष्टिक जूस एवं अंकुरित आहार का वितरण भी किया गया।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। परिषद द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
उक्त जानकारी भारत विकास परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी, प्रकल्प संयोजक राजेश जायसवाल, अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल एवं महिला संयोजिका सुनीता चौधरी द्वारा प्रदान की गई।