ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 सितम्बर को ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में जन दर्शन यात्रा (रोड शो) करेंगे। इसके बाद फूलबाग मैदान पहुँचकर राज्य स्तरीय महिला हितग्राही सम्मेलन में सिंगल क्लिक के जरिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश भर की बहनाओं के खातों में धनराशि अंतरित करेंगे।
जन दर्शन यात्रा मार्ग में जगह-जगह पर मुख्यमंत्री चौहान के स्वागत के लिये उत्सुक जिलेवासी सहजता से अपनी भावनाएँ मुख्यमंत्री तक पहुँचा सकें, इसके लिये जिला प्रशासन एवं पुलिस ने बेहतर से बेहतर व्यवस्था बनाई है। साथ ही एहतियात बतौर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। सम्पूर्ण जन दर्शन यात्रा (रोड शो) मार्ग के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीव्ही से पैनी निगाह रहेगी। रोड शो मार्ग अर्थात अचलेश्वर मंदिर से लेकर फूलबाग मैदान तक पर्याप्त संख्या में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जा रहे हैं। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री चौहान द्वारा 10 सितम्बर को शहर में की जाने वाली जन दर्शन यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहभागी बनें। अधिकारी द्वय ने मुख्यमंत्री चौहान के स्वागत के लिए आ रहीं लाड़ली बहना सेना, विभिन्न संगठनों इत्यादि से आग्रह किया है कि वे सड़क के बीच में खड़े न होकर सड़क के किनारे अपने निर्धारित स्थल पर खड़े होकर अपनी भावनाएँ व्यक्त करें।