नीमच। प्रदेश में एक बार फिर मानसून एक्टिव हो गया है। एमपी के कई जिलों में मानसून के सक्रिय होने से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मालवा के नीमच व मंदसौर जिले में भी रूक-रूककर वर्षा का दौर चल रहा है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 21 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 42 इंच से अधिक वर्षा हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि दो दिन बाद बंगाल की खाड़ी से एक और सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इस वजह से प्रदेश में बारिश का दौर 10 से 12 दिन तक और बढ़ सकता है। अभी छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। भोपाल समेत मध्यप्रदेश के 24 जिलों में शुक्रवार रात रुक-रुक कर बारिश होती रही। भोपाल में आज सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। शनिवार को जबलपुर, उज्जैन, सागर, गुना, छिंदवाड़ा समेत 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। बाकी जिलों में भी हल्की बारिश के आसार हैं।
24 घंटे में इन जिलों में होगी झमाझम-
प्रदेश के विदिशा, राजगढ़, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, उज्जैन व सागर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है वहीं भोपाल, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, इंदौर, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, नरसिंहपुर, बालाघाट, डिंडोरी, मंडला, अनूपपुर, सतना, रीवा, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी व दतिया में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।