नीमच। शहर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक विधायक दिलीपसिंह परिहार की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में विधायक ने पिपली चौक से मनासा नाका तक सडक रिनीवल (विद्युत पोल शिफ्टिंग), हर्कियाखाल बांध जाजू सागर डेम पर जल संरक्षण हेतु अवैध पानी पर रोक लगाने, सांवलिया जी मंदिर नाले का कायाकल्प, संजीवनी क्लिनिक नीमच सिटी प्रस्तावित राठौर बगीचे के पीछे मांगलिक भवन के पास भूमि पूजन, हाउसिंग प्रोजेक्ट कनावटी रोड पर सेफ्टी टेंक बनाने, शहाबुद्दीन बाबा मार्ग का निर्माण, शिवाजी सागर ठीकरिया डेम से पेयजल हेतु अतिरिक्त पानी का प्रबंधन, स्टेडियम निर्माण बगीचा नं.12 को अतिक्रमण मुक्त कराकर भूमि पूजन आदि कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सम्बंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में विधायक परिहार ने जिला कलेक्टर दिनेश जैन एवं नपाध्यक्ष स्वाति चौपडा से भी विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर एसडीएम ममता खेडे, सीएमओ महेन्द्र वशिष्ठ, एमपीईबी के सेन, जिला पंचायत, नगर पालिका एवं जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।