विदिशा। सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 जिले में 3 चरणों में आयोजित किया जाना था जिसका प्रथम चरण 7 से 12 अगस्त 2023 में आयोजित किया जा चुका है। द्वितीय चरण 11 सितंबर से 16 सितंबर 2023 तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें संपूर्ण विकास खंडों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में इस दौरान 1120 टीकाकरण सत्र आयोजित कर 5956 शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चे एवं 1048 गर्भवती माता के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम की सफलता हेतु सभी अधिकारी, कर्मचारियों को इसके संबंध में प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठकर आयोजित की जा चुकी है। साथ ही कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर योगेश तिवारी ने जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर डीके शर्मा के समन्वय से पत्र जारी कर समस्त आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वह घर-घर जाकर टीकाकरण से वंचित पात्र हितग्राहियों को उनके गांव में आयोजित होने वाले सत्र की निर्धारित तिथि समय एवं स्थान की जानकारी घर-घर जाकर आवश्यक रूप से दी जाए।
प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा भी प्रदेश को दिसंबर 2023 तक मीजल्स रुबेला मुक्त प्रदेश के संकल्प के साथ प्रदेश के सम्मानित जनप्रतिनिधियों को संदेश कार्यक्रम में सहयोग प्रदान हेतु प्रेषित किया गया है आज उसी कड़ी में जनप्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री जी के संदेश की प्रतियां उपलब्ध कराई गई एवं स्कूलों में जाकर बच्चों को टीकाकरण में सहयोग हेतु संकल्प दिलाया गया है।