नीमच। प्रदेश में मानसून के फिर से सक्रिय होने की वजह से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मालवा के नीमच व मंदसौर जिले में भी रूक-रूककर वर्षा का दौर चल रहा है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 22.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 41 इंच से अधिक वर्षा हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश में साइकोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से शुक्रवार-शनिवार को ग्वालियर-चंबल के साथ निमाड़ और उत्तरी मध्यप्रदेश में तेज बारिश का दौर रहा। अब सिस्टम थोड़ा कमजोर हो गया है। बावजूद रविवार को भी भोपाल समेत 17 जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। 12-13 सितंबर से एक बार फिर से मानसूनी सिस्टम एक्टिव होगा। इससे 18-20 सितंबर तक बारिश का दौर चलता रहेगा।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी झमाझम-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में भोपाल, शाजापुर, देवास, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, विदिशा, गुना, शिवपुरी, मुरैना, दतिया, भिंड, टीकमगढ़, सतना, रीवा, शहडोल, अनूपपुर में मध्यम से भारी बारिश होगी। वहीं नीमच, मंदसौर, उज्जैन, धार, इंदौर, आगर-मालवा, राजगढ़, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, उमरिया, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, श्योपुरकलां में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है।