ग्वालियर। तीन दिन से हो रही बारिश किसानों सहित अन्य लोगों में खुशियों का पैगाम लेकर आई है। इसी बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार दोपहर 12 बजे ग्वालियर पहुंच गए हैं। ग्वालियर एयरपोर्ट पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व ग्वालियर के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने उनका स्वागत किया है।
सीएम शिवराज सिंह एयरपोर्ट से सीधे अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे हैं। यहां करीब 15 मिनट तक उन्होंने पूजा अर्चना की है। पूरे शिव परिवार की पूजा करने के बाद परिक्रमा लगाई है। अब वह रथ में सवार होकर जनदर्शन यात्रा (रोड शो) के लिए निकल चुके हैं। अचलेश्वर मंदिर पर पूजा से लेकर रथ में सवार होने तक केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सीएम शिवराज सिंह के साथ रहे हैं। सड़कों पर रोड शो को काफी समर्थन मिल रहा है।
इसके बाद रोड शो के साथ सीएम शिवराज सिंह फूलबाग मैदान पहुंचकर “राज्य स्तरीय महिला हितग्राही सम्मेलन” में शामिल होंगे और सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की चौथी किस्त अंतरित करेंगे।
चौहान इस अवसर पर लगभग 380 करोड़ रूपए लागत के 23 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें लगभग 39 करोड़ रूपए लागत के 9 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 341 करोड़ रूपए लागत के 14 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट ढंग से अपने दायित्वों का कुशल निर्वहन करने वालीं महिला अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा राज्य स्तरीय महिला हितग्राही सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा।
जन दर्शन यात्रा एवं राज्य स्तरीय महिला हितग्राही सम्मेलन में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय नागर विमानन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे। इस अवसर पर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार भारत सिंह कुशवाह व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर मंचासीन रहेंगे। कार्यक्रम में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार व जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश जाटव को भी बतौर अतिथि आमंत्रित किया गया है।