रतलाम। नीमच जिले में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर हुए पथराव के बाद से जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। रतलाम में जन आशीर्वाद यात्रा के आयोजन के दौरान एनएसयूआई द्वारा विरोध किए जाने की आशंका में बिलपांक थाना क्षेत्र के सुराणा पुलिस चौकी पर एनएसयूआई और राजपूत करणी सेना परिवार के 2 युवकों को पुलिस ने जन आशीर्वाद यात्रा क्षेत्र से निकलने के दौरान बैठा लिया गया। सूचना मिलने पर करणी सेना और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीण भी पुलिस चौकी पहुंचे और चौकी परिसर में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। जन आशीर्वाद यात्रा का कार्यक्रम निपट जाने के बाद बिलपाक थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर नाराज ग्रामीणों को समझाइश दी।
दरअसल आज भाजपा द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा आज सनावदा से होते हुए रतलाम ग्रामीण के आखिरी गांव कमेड के बाद उज्जैन में प्रवेश करने वाली थी। इसी के चलते लुनेरा से रतलाम जा रहे हैं युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह और करणी सेवा परिवार के जितेन सिंह चावड़ा को पुलिस ने रोक कर सुराणा चौकी पर जन आशीर्वाद यात्रा खत्म होने तक पुलिस की निगरानी में बिठा लिया। जिससे नाराज होकर करणी सेना परिवार और कांग्रेस के कार्यकर्ताओ ने सुराणा चौकी पर जमकर प्रदर्शन किया। करणी सेना के यादवेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र सिंह लूनेरा एवं प्रद्युमन सिंह नगरा ने बताया कि राजपूत युवाओं को पुलिस ने जबरन चौकी पर बिठाया जिससे नाराज युवाओं ने पुलिस चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया है।