कटनी। ड्रोन यूएवी तकनीक के क्षेत्र में जिले के युवाओं को प्रशिक्षित कर तकनीक की मुख्य धारा से जोडने हेतु प्रोजेक्ट पंख के तहत ड्रोन प्रशिक्षण हेतु आवेदन जमा करने के पहले ही दिन शुक्रवार को 73 युवाओं ने आवेदन लिया और 21 युवाओं ने प्रशिक्षण हेतु आवेदन जमा किए।
युवाओं में ड्रोन प्रशिक्षण के प्रति काफी उत्साह है और युवाओं ने इसके प्रति दिलचस्पी भी दिखाई है। ई- गवर्नेंस के जिला प्रबंधक सौरभ नामदेव ने बताया कि युवा ड्रोन प्रशिक्षण हेतु शासकीय तिलक महाविद्यालय, शासकीय कन्या महाविद्यालय, शाकीय पालिटेक्निक महाविद्यालय सहित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था से आवेदन प्राप्त कर इन्ही संस्थाओं में जमा कर सकते है। ड्रोन प्रशिक्षण हेतु 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके न्यूनतम 12वी या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण एवं ड्रोन क्षेत्र में कैरियर बनाने हेतु इच्छुक व्यक्ति प्रशिक्षण हेतु आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए आवेदक को कटनी जिले का मूल निवासी होना जरूरी है।
ड्रोन प्रशिक्षण के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले को ड्रोन सेक्टर का प्रशिक्षित मैन पावर हब बनाना है। ताकि जिले के युवा ड्रोन तकनीक के क्षेत्र मे देश के प्रगति पथ में सहयोगी बन सकें।