नीमच। प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मालवा के नीमच व मंदसौर जिले में भी रूक-रूककर वर्षा का दौर चल रहा है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 22.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 41 इंच से अधिक वर्षा हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में 6 दिन से जारी बारिश के दौर से सूखे के अंदेशे का संकट टल गया है। रविवार को 16 जिलों में बारिश हुई। आज भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा सहित 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। बाकी जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है। 12-13 सितंबर से एक और सिस्टम एक्टिव हो रहा है। यह 18 से 20 सितंबर तक प्रदेश में एक्टिव रहेगा। यानी अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश के आसार हैं।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी झमाझम-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में भोपाल, शाजापुर, आगर-मालवा, सीहोर, देवास, हरदा, राजगढ़, सागर, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, नर्मदापुरम, बैतूल, शिवपुरी, भिंड, मुरैना, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, सीधी, निवाड़ी और रीवा में मध्यम से भारी बारिश होगी। वहीं नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, कटनी, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, सिंगरौली, गुना, श्योपुरकलां और ग्वालियर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। इन जिलों में दिनभर धूप-छांव वाला मौसम भी रहेगा।