नरसिहंपुर। आगामी विधानसभा निर्वाचन- 2023 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण तथा पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराने के लिए राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर डॉ चंद्रशेखर राजहंस द्वारा निर्वाचन संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण देकर बिंदुवार पहलुओं की जानकारी पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से दी गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा समय समय पर जारी नवीनतम निर्देशों के अनुसार कार्य करने हेतु अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में मतदान दिवस पर दिखावटी मतदान और उसके बाद दिखावटी मतदान के आंकड़े क्लियर करने के बाद ही, वास्तविक मतदान हेतु ईव्हीएम को सील करने के निर्देश दिए गए। बैठक में समस्त रिटर्निंग ऑफ़िसर,सहायक रिटर्निंग ऑफ़िसर और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर बाफ़ना ने निर्देश दिए कि राजस्व एवं पुलिस के अधिकारी क्रिटिकल मतदान केंद्रों का संयुक्त रूप से भ्रमण,वल्नरेबिलिटी मैपिंग,अपना स्थानीय सूचना तंत्र और मज़बूत करें, आवश्यक सूचना की त्वरित प्राप्ति के लिए कंट्रोल रूम का गठन, ज़िले के चेक पोस्ट एवं नाकों की सूची तैयार कर अधिकारियों के मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी पुख़्ता कर ली जाये। निर्वाचन के महत्वपूर्ण कार्य में आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया। बैठक के दूसरे चरण में मतगणना, आयोग के विभिन्न आईटी एप्लीकेशन और निर्वाचन व्यय लेखा संधारण व्यवस्था की आवश्यक तैयारियों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारियों ने मतदान दल के रूप में मतदान केंद्र की स्थापना कर, मतदान कराने के बाद, सभी आवश्यक प्रपत्रों को भरने का अभ्यास किया। स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर दल में डॉ मनीष अग्रवाल, डॉ राजेश ठाकुर और मुकेश दुबे जी ने व्यावहारिक प्रशिक्षण को अत्यंत रोचक बनाया।