खरगोन। प्रदेश की सबसे बड़ी मंडियों में शुमार खरगोन आनन्द नगर कपास मंडी में कपास मुहूर्त के पहले ही दिन हंगामे की स्थिति निर्मित होने से करीब डेढ़ घण्टे तक नीलामी रोकनी पड़ी। किसान मुहूर्त भाव से नाराज नजर आए। सोमवार को कपास फसल खरीदी का श्रीगणेश हुआ। सुबह 10 बजे विधायक रवि जोशी, पूर्व राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार ने मंडी सचिव और व्यापारियों की मौजूदगी में पूजन- अर्चन कर नीलामी की शुरुआत की। पहला वाहन 6481 रुपये बिकने के बाद 5550 रुपये बोली लगने पर किसान आक्रोशित हो गए। किसानों ने भावों को लेकर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख व्यापारी नीलामी बंद कर मंडी सचिव कक्ष में जा बैठे, जिसके बाद किसान भी मंडी सचिव कार्यालय के बाहर पहुँच गये। गुस्साए किसानों ने मंडी सचिव कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा और श्मुख्यमंत्री हाय-हाय, कृषि मंत्री हाय-हायश् के नारे लगाए।
सचिव ने समझाइश का प्रयास किया लेकिन किसान 8 से 10 हजार रुपये बोली लगाने की मांग पर अड़ गए। कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। मंडी सचिनव लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने बताया फिलहाल नमी युक्त कपास आ रहा है, जबकि सूखे कपास के भाव अधिक है। किसानों और व्यापारियों के बीच सुलह का प्रयास कर रहे है। वही मंडी व्यापारियों ने बताया की कपास के भाव अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर करता है वर्तमान में कपास में नमी आ रही है। आगामी दिनों में कपास की आवक ओर क्वालिटी के अनुसार भावों में उतार- चढ़ाव रहेंगे। हालांकि कपास पर लगने वाला 1.70 टेक्स में सरकार ने राहत देकर 70 पैसे कर दिया है। इसका लाभ व्यापारियों के साथ ही किसानों को मिलेगा। करीब एक घण्टे चले प्रदर्शन के बाद दोबारा नीलामी शुरू हो सकी। मुहूर्त में 270 वाहन ओर 150 बैलगाड़ी से सफेद सोना मंडी पहुंचा था।