रतलाम। जावरा के रोजाना गांव में शासकीय जमीन पर पाटीदार समाज द्वारा धर्मशाला के निर्माण को लेकर प्रशासन और पाटीदार समाज के बीच टकराव की स्थिति निर्मित हो गई है। जावरा शहर में आज एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करने पहुंचे सैकड़ो समाज जनों ने फोरलेन जाम कर दिया और सड़क पर ही अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। दरअसल रोजाना गांव में पाटीदार समाज के द्वारा समाज के उपयोग के लिए धर्मशाला का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन शासकीय जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं देने पर नाराज पाटीदार समाज के लोगों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। रविवार को जावरा एसडीम अनिल भाना द्वारा की गई कार्यवाही से नाराज पाटीदार समाज के लोगों आज दोपहर से ही फोरलेन रोड जाम कर दिया। जिसकी वजह से लेबड़ नयागांव फोरलेन पर से गुजरने वाले वाहनों को 8 लेन से होकर डायवर्ट किया जा रहा है।
जावरा एसडीम कार्यालय का घेराव कर सड़क पर धरने पर बैठे पाटीदार समाज के लोगों का कहना है कि गांव में अन्य समाज के लोगों की भी धर्मशालाएं शासकीय जमीनों पर ही बनी हुई है। समाज के लोगों की मांग है कि उन्हें भी धर्मशाला बनाए जाने के लिए निर्माण की अनुमति दी जाए अन्यथा शासकीय जमीन पर बने अन्य अतिक्रमण भी तत्काल हटाया जाए। प्रदर्शन कार्यों से बात करने के लिए एडीएम और एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे और चर्चा की लेकिन शाम होने तक कोई समाधान नहीं निकल सका है। इस दौरान फोरलेन पर जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भूतड़ा के समीप से रोड डायवर्ट कर नयागांव लेबर फोरलेन पर यातायात बहाल करवाया है।