खरगोन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 14 दिसम्बर, 17 मार्च और 14 अप्रैल को विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान जिले के संबंध में की गई घोषणाओं की कागजी कार्रवाई पूरी होकर, अब वो निर्माण कार्य शुरू होने की स्थिति में है।
कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने टीएल बैठक में सीएम घोषणाओं के अलावा परिसंपत्तियों से बनने वाले कार्यों की समीक्षा की। घोषणाओं में सबसे पहले 4.20 करोड़ की लागत वाली धुलकोट-जूना बिलवा सड़क और 77 लाख की लागत से नन्हेश्वर महादेव मंदिर के विकास कार्य शुरू होंगे।
जानकारी देते हुए निर्माण एजेंसी आरईएस कार्यपालन यंत्री अनिल बागोले ने कहा कि ये दोनों कार्य 2 दिनों में शुरू होंगे। जबकि अहिल्या लोक निर्माण कार्य ग्वालियर की कंपनी द्वारा 18 सितंबर के बाद शुरू होगा। क्योंकि मप्र राज्य पर्यटन विभाग यह कार्य कर रही है और 18 को ओंकारेश्वर में आदिगुरु शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण होना है।
इनके अलावा 25.55 करोड़ की लागत से नवगृह मंदिर और 50 लाख रुपए की लागत से भीकनगांव रैनबसेरा का कार्य इस सप्ताह में शुरू होगा। 17 मार्च को अनकवाड़ी में की गई घोषणाओं में अधिकांश सड़कों का कार्य शुरू हो चुका है।
टीएल बैठक में अपर कलेक्टर जेएस बघेल, संयुक्त कलेक्टर लक्ष्मी गामड़, समस्त डिप्टी कलेक्टर और जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि जनपद स्तरीय अमला गूगल मीट से जुड़ा।