ग्वालियर। विधानसभा चुनाव के पहले बीजेपी मप्र में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही है। 3 सितंबर को सतना जिले के चित्रकूट से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंडला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नीमच और नितिन गड़करी से खंडवा से इन यात्राओं की शुरुआत कराई। पिछले चुनावों से अलग इस बार बीजेपी के अलग-अलग नेता जन आशीर्वाद यात्रा को संचालित कर रहे हैं। इस यात्रा के जरिए बीजेपी एकजुटता का संदेश दे रही है। आज मालवा में कभी एक दूसरे के धुर विरोधी रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया और जयभान सिंह पवैया आज की यात्रा में एक साथ रहेंगे। आज इन स्थानों से निकलेंगी 5 यात्राएं
विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा 11 सितंबर को सिंगरौली के जयंत से शुरु होगी, यह यात्रा बैढ़न, माजन मोड़, परसोना, खुटार, रजमिलान, गजरा बहरा, सरई, बरका, रजनिहा, निवास, निगरी होते हुए मझौली पहुंचेगी। इस यात्रा में केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी शामिल रहेंगे।
महाकौशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद आज सिवनी जिले की मुगवानी से शुरु होगी। यह यात्रा लखनबाड़ा, बम्होड़ी, सिवनी, बोरी, बरघाट होते हुए धारना पहुंचेगी। यात्रा में बीजेपी के के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं केन्द्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर साथ रहेंगे और जनसभा व रथसभाओं को संबोधित करेंगे।
इंदौर संभाग की यात्रा का प्रारंभ 11 सितंबर को बड़वानी के राजपुर के खुरमपुरा से होगा। उसके बाद यह यात्रा खरगोन, भगवानपुरा, राजपुर होते हुए सेंधवा विधानसभा पहुंचेगी। यात्रा में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय शामिल रहेंगे।