सीहोर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह ने आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए नियुक्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी रूप से चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि जिसे जो दायित्व सौंपा गया हैं, वे उसका पूरी गंभीरता से समय सीमा में पालन करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर सिंह ने बैठक में प्रमुख रूप से कर्मचारी-अधिकारियों का प्रबंधन, प्रशिक्षण प्रबंधन, निर्वाचन सामग्री प्रबंधन, परिवहन प्रबंधन, कम्प्यूटरीकरण, कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन, ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपेट क संबंध में विस्तार से निर्देश दिए। साथ ही चुनाव के दौरान सुरक्षा, आदर्श आचरण संहिता, निर्वाचन व्यय लेखा मॉनिटरिंग, डाक मतपत्र, मीडिया प्रबंधन एवं एमसीएमसी, संचार प्रबंधन के संबंध में चुनाव आयोग के नियमों तथा निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर सिंह ने निर्वाचक नामावली प्रबंधन, शिकायत एवं समाधान, प्रेक्षक के साथ समन्वय, वेबकॉस्टिंग, यातायात व्यवस्था, वीडियोग्राफी, लेखा एवं मतदान दलों का मानदेय वितरण तथा भोजन व्यवस्था आदि के संबंध में नियुक्त नोडल अधिकारियों को उनके कर्तव्यों के प्रति सचेत किया एवं सावधानी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी, एडीएम वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय, वंदना राजपूत, डिप्टी कलेक्टर तन्मय वर्मा, मनीष शर्मा सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित थे।