खरगोन। आगामी दिनों में होने वाले चुनावों से पहले शराब तस्कर जिले में सक्रिय नजर आ रहे है। नित नए प्रयोग कर भारी मात्रा में शराब का परिवहन हो रहा है। बीती रात मेनगांव पुलिस ने शक के आधार पर एक ट्रक को रोककर जांच की। जिसमें करीब 10 लाख रुपए मूल्य की करीब 116 पेटी शराब के साथ चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस को छकाने के लिए तस्करो ने सब्जी कैरेट के बीच शराब पेटियां छिपाई थी, लेकिन उनकी यह चालाकी काम नही आई।
एएसपी मनोहर सिंह बारीया ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मेनगांव पुलिस ने रविवार को थाने के सामने नाकाबंदी लगाई। यहां से गुजर रहे मिनी ट्रक हरियाणा पॉसिंग आयशर वाहन क्रमांक एचआर 55 वी 2750 को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सब्जी कैरेट जमे हुए थे। बारीकी से जांच की तो कैरेट के बीच महंगे ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें मिली। वाहनो को अभिरक्षा में लेकर थाने खड़ा किया गया। इसमें से अलग- अलग ब्रांड की करीब 116 पेटी शराब बरामद हुई। वाहन चालक राजकुमार कैलाश गोस्वामी निवासी मुरली गौसाई पुरवा, जिला गौंडा, उत्तरप्रदेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एएसपी ने बताया उक्त शराब कहां से लाई गई और कहां ले जाई जा रही थी इसकी पूछताछ कर रहे है। हालांकि बेहद शातिर तरीके से यह तस्करी हो रही थी, जिसे पुलिस ने नाकाम किया।