नीमच। प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मालवा के नीमच व मंदसौर जिले में भी रूक-रूककर वर्षा का दौर चल रहा है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 22.8 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 41 इंच से अधिक वर्षा हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है। ग्वालियर में सोमवार रात तेज पानी गिरा। जबलपुर, सागर सहित 11 जिलों में बारिश हुई। उत्तरी मध्यप्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश से ट्रफ लाइन गुजर रही है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी एक्टिव है। प्रदेश में अगले 2 से 3 दिन हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। 15 सितंबर से तेज बारिश का दौर फिर शुरू होगा जो 21 सितंबर तक जारी रह सकता है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी झमाझम-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा। लोकल सिस्टम बनने से रतलाम, मंदसौर, नीमच में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।