मंदसौर। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए गरोठ विधानसभा क्षेत्र में गरोठ क्षेत्र के सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर की बैठक गरोठ उपखंड सभागार में आयोजित की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे नए मतदाता जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है तथा वह लोग जो आवेदन करने से भी वंचित रह गए हैं। उन सभी व्यक्तियों के आवेदन ऑनलाइन करवाए। बैठक के दौरान सभी बीएलओ से पूछा की कितने आवेदन आए, कितने नाम काटे, गांव में कितनी बार भ्रमण किया। गांव वालों को क्या-क्या जानकारी दी आदि के बारे में विस्तार से कलेक्टर ने जानकारी ली। उन्होंने यह भी कहा कि गांव में कितनी महिलाओं की शादी हुई। इस संबंध में जानकारी ग्राम पंचायत से प्राप्त करें तथा ऐसे लोगों के नाम कटवाने की कार्यवाही करें। पिछले मतदान में किन मतदान केंद्र पर मतदान प्रतिशत कम था। उसको भी देखें। मतदान प्रतिशत कम होने कारण को भी जाने। बूथ लेवल एजेंट के साथ बैठक करें। मतदान केंद्र के संबंध में बीएलओ तथा सुपरवाइजर को विस्तार से जानकारी होती है। मतदान केंद्र पर आधारभूत सुविधा को भी अच्छे से देखें और अगर कहीं कुछ कमी हो तो तुरंत अवगत कराए।
पीएचई विभाग के ठेकेदार पाइपलाइन डालने के दौरान टूटी सड़कों को तुरंत ठीक करें-
कलेक्टर ने पीएचई विभाग के ठेकेदारों को निर्देश देते हुए कहा कि गांव में पेयजल पाइपलाइन डालने के दौरान सीसी रोड एवं अन्य कार्य जो टूट-फूट हुए हैं। उनको तुरंत ठीक करें। यह कार्य तुरंत पूर्ण होना चाहिए। पूर्ण नहीं होने की स्थिति में एफआईआर दर्ज की जाएगी। जितने भी पेयजल निर्माण के कार्य हुए हैं वह तुरंत टेस्टिंग करें तथा ग्राम पंचायत को सुपुर्द करें। ठेकेदार की लापरवाही किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएगी।