नीमच। देश में आगामी कुछ दिनों के बाद 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। जिसके लिए चुनाव आयोग जल्द ही आचार संहिता की घोषणा कर सकता हैं। इन 5 राज्यों में मध्य प्रदेश और राजस्थान भी शामिल है, जहां विधानसभा चुनाव होंगे। वहीं ये दोनों राज्य अफीम उत्पादक राज्य भी हैं। जिसके तहत नई अफीम नीति भी चुनाव में बड़ा मुद्दा होगी।
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नई अफीम नीति 2023-24 की घोषणा केंद्र सरकार द्वारा आज देर शाम या कल दोपहर तक हो सकती हैं। नई अफीम नीति को लेकर जहां कई किसान नया पट्टा मिलने की आस लगाए बैठे हैं। वहीं वॉइस ऑफ़ एमपी ने भी पूर्व में बताया था कि इस बार की अफीम नीति के तहत 20 हजार नए पट्टे मिल सकते हैं।
देखने वाली बात यह होगी कि केंद्र सरकार सीपीएस पद्धति सहित नए अफीम काश्तकारों को लेकर क्या निर्णय लेती हैं। क्योंकि विधानसभा चुनाव के बाद आम चुनाव भी हैं। ऐसे में मोदी सरकार नई नीति के तहत ऐसा कोई बड़ा कदम नहीं उठाएगी जिससे चुनाव में उसे नुकसान हो। वहीं लगातार अफीम किसान संघर्ष समिति ज्ञापन व धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर कई बार आंदोलन कर चुकी है। अब देखना यह होगा कि नई अफीम नीति में उनकी मांगों को कितनी तरजीह दी जाती हैं।
आपकों बता दें कि पूर्व में क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता भी राजधानी दिल्ली में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने वित्त मंत्री को एक पत्र भी सौंपा था। उक्त पत्र के माध्यम से सांसद ने इस बार करीब डेढ़ लाख नए पट्टे जारी करने सहित किसान हित में कई मांगों को प्रमुखता से रखा था। इस पत्र पर मंथन करने के बाद अब नई दिल्ली से जल्द ही नई अफीम नीति जारी होने वाली है।