इंदौर। बाणगंगा क्षेत्र में शराब दुकान को लेकर स्थानीय रहवासियों ने कांग्रेसियों के साथ मिलकर मोर्चा खोल दिया है। इसे लेकर मंगलवार को ये सभी एकत्रित होकर कलेक्टोरेट पहुंचे और दुकान को लेकर जमकर विरोध जताया। इन लोगों ने नारेबाजी की और जल्द दुकान हटाने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे के साथ वार्ड 18 व 19 के मुखर्जी नगर के काफी रहवासी जिनमें महिलाएं भी थी कलेक्टोरेट पहुंचे। इन लोगों का कहना था कि उक्त दुकान हटाने को लेकर दो माह से मांग की जा रही है लेकिन अभी तक ध्यान नहीं दिया गया। उक्त शराब की दुकान के कारण माहौल खराब हो रहा है। वहां असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं और महिलाओं का निकलना मुश्किल होता जा रहा है। चौकसे ने कहा कि सवा साल पहले जब बनना शुरू हुई थी तब अहाते चालू रहते थे। अब चूंकि अहाते बंद हैं इसलिए इस दुकान के बाहर रोज शाम को शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है।
रहवासियों ने कहा कि पहले आश्वासन दिया था कि दुकान हटा दी जाएगी लेकिन अभी तक नहीं हटाई गई। महिलाओं का कहना है कि शिवराज सरकार के कार्यकाल में शराब दुकानों के कारण उनका जीना दुश्वार हो गया है। अगर जल्द ही शराब दुकान पर कार्रवाई नहीं हुई तो महिलाएं बड़ा आंदोलन करेगी। इसके बाद कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया गया।