सीहोर। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि आज मध्यप्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हुआ है। प्रदेश सरकार की मेहनत और प्रयासों से मध्यप्रदेश आज बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर अग्रणी राज्यों की श्रेणी में आया है। यह बात केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने सीहोर में आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश में सिर्फ तीन मेडिकल कॉलेज थे और आज मध्यप्रदेश में 22 मेडिकल कॉलेज है। पहले मध्यप्रदेश में 2900 मेगावाट बिजली का उत्पादन था, जो आज बढ़कर 28,000 मेगावाट तक हो गया है। प्रदेश में 2003 में सिंचाई की क्षमता 6 लाख हेक्टेयर हुआ करती थी, लेकिन आज सिंचाई का रकबा बढ़कर 46 लाख हेक्टेयर हो गया है और निरंतर बढ़ रहा है। आज मध्यप्रदेश, देश की जीडीपी में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। यह प्रदेश के किसान भाईयों के लिए गर्व की बात है कि एग्रीकल्चर ग्रोथ रेट में हरियाणा तथा पंजाब से भी आगे मध्यप्रदेश का नाम पूरे देश में लिया जाता है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री तोमर ने कहा कि प्रदेश में विकास के साथ-साथ जनकल्याण के लिए भी अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेहतरीन कार्य हुआ है। लाडली लक्ष्मी योजना, लाडली बहना योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। इसके साथ ही संबल योजना, आयुष्मान भारत योजना, आवास योजना, बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए बनाई गई योजनाओं सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से सरकार द्वारा नागरिकों को लाभान्वित किया है। आज घर-घर में शौचालय है, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई है, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान की सौगात दी जा रही है।