दमोह। पथरिया नगर परिषद में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार शाम एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम निखत चौरसिया को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने समय पर वेतन न मिलने की शिकायत करते हुए तत्काल भुगतान की मांग की है।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें केवल 8000 रुपये मासिक वेतन मिलता है, जो कि चार महीने के अंतराल पर दिया जाता है। इस अनियमित भुगतान के कारण उन्हें अपने परिवारों का भरण-पोषण करने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
सफाई कर्मी मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें तीन से चार महीने बीतने के बाद ही एक महीने का वेतन मिलता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्कूल खुल गए हैं, उनकी फीस भरनी है। यदि पैसे नहीं रहेंगे तो कैसे उनकी फीस भर पाएंगे और कैसे उन्हें किताबें खरीदेंगे। उन्होंने 8000 रुपए में परिवार चलाना मुश्किल बताते हुए वेतन वृद्धि की भी मांग की।
कर्मचारियों की मांगें
मनोज कुमार ने यह भी बताया कि उनके पीएफ कटौती की कोई जानकारी नहीं दी जाती और किसी भी कर्मचारी को कलेक्टर रेट पर वेतन नहीं मिलता।
महिला सफाई कर्मचारी शशि ने बताया कि उन्हें तीन माह से वेतन नहीं मिला है। सीएमओ ने दो माह का वेतन देने की बात कही थी, लेकिन केवल एक माह का भुगतान किया गया। उन्होंने अपनी छोटी आय के समय पर भुगतान न होने से बच्चों की परवरिश में आ रही दिक्कतों का जिक्र किया।
एसडीएम निखत चौरसिया ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि चार दिन के भीतर सभी का बकाया वेतन उनके खातों में पहुंचा दिया जाएगा।