बड़वानी। कलेक्टर डॉ. राहुल फटिंग के निर्देशन में ग्रामवार नियुक्त विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों ने दूसरे दिन अर्थात् मंगलवार को भी अतिवृष्टि से प्रभावित ग्रामों का दौरा किया। इस दौरान उन्होने ग्रामों में घूम-घूमकर क्षतिग्रस्त एवं टूटे हुए घरो की स्थिति, फसलों के नुकसान की स्थिति का आकलन कर ग्रामीणों की समस्याओं को जाना एवं उनके फसल, मकान एवं अन्य नुकसान की रिपोर्ट बनाई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा अति वृष्टि से प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य कैंप लगाकर ग्रामीणों को दवाईयों का वितरण तथा नालियों में कीटनाशक डाली गई, पीएचई विभाग द्वारा हेण्डपंपों के आस-पास मलबा हटाकर क्लोरीनीकरण का कार्य, खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा आरबीसी 6(4) के तहत 50 किलोग्राम प्रति परिवार राशन देने के कार्य का सर्वे किया गया। उल्लेखनीय है कि अतिवृष्टि से प्रभावित ग्रामों में नियुक्त नोडल अधिकारी प्रतिदिन ग्रामों में जाकर ग्रामों की स्थिति का सर्वे कर रहे है, तीन दिवस के उपरांत नियुक्त अधिकारी अपनी रिपोर्ट जिला पंचायत सीईओ को प्रस्तुत करेंगे। तत्पश्चात् नुकसान की स्थिति का आंकलन कर सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजी जायेगी।