नीमच। प्रदेशभर में मानसून की झमाझम का दौर फिलहाल थम गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में आज धूप-छांव वाला मौसम रहने का अनुमान जताया है। वहीं कुछ जिलों में हल्की व तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। मालवा के नीमच, मंदसौर व रतलाम जिले में भी दिनभर धूप-छांव वाला मौसम बना रहेगा। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 27.9 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 42.7 इंच से अधिक बरसात हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में बारिश का दौर थमते ही गर्मी का असर बढ़ गया है। मंगलवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में दिन का टेम्प्रेचर 2 डिग्री तक बढ़ा। खंडवा में डेढ़ इंच से ज्यादा बारिश हो गई। ऐसा ही मौसम बुधवार को भी रहेगा। प्रदेश में 21 सितंबर से हल्की बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। 22 से 23 सितंबर तक स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव रहेगा। नया सिस्टम बंगाल की खाड़ी से एक्टिव होगा और काफी स्ट्रॉन्ग रहेगा। इससे भोपाल, ग्वालियर, चंबल, रीवा, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में भारी बारिश हो सकती है। अब तक सूखे रहे रीवा संभाग में भी तेज बारिश होने की संभावना है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बारिश-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में डिंडोरी, सिवनी, मंडला और बालाघाट में तेज बारिश होने का अलर्ट है। वहीं रायसेन, सीहोर, बैतूल, खंडवा, धार, इंदौर, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश का अनुमान है। इसके अलावा मालवा के नीमच, मंदसौर व रतलाम जिले में धूप-छांव वाला मौसम बना रहने की संभावना है। इनमें से कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती थी।