खरगोन। पिछले दिनों हुई भारी वर्षा से प्रभावित जनजीवन की व्यवस्थाएं बहाल होने लगी है। मंगलवार को प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा द्वारा तुरंत समाजिक संस्थाओं की बुलाई गई बैठक के प्रयास सार्थक होने लगे हैं। बुधवार को लायंस क्लब और अजीज प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा प्रशासन को राहत सामग्री प्रदान कर दी गई। कसरावद एसडीएम श्री अग्रिम कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर में लायंस क्लब द्वारा प्रदाय राहत सामग्री का भट्याण वितरण भी प्रारम्भ कर दिया गया है। इनके अलावा अजीज प्रेमजी फॉउंडेशन द्वारा 190 परिवारों को राहत किट प्रदान करने के लिए सामग्री प्रशासन को दी गई है। एसडीएम श्री कुमार ने आगे बताया कि मंगलवार और बुधवार से सर्वे दलों के अलावा आधारभूत संरचनाओं से जुड़े विभाग भी अपने-अपने कार्याे में जुट गए हैं। एमपीईबी ने भी कई गांवों में विद्युत सप्लाई चालू कर दी गई है। इसके अलावा पीडीएस दुकानों पर राशन पहुचाने की तैयारी की जा चुकी है। वहीं पशुपालन और पीएचई विभाग द्वारा भी पेयजल व पशुओं के उपचार आदि कार्यों में जुट चुके हैं। एसडीएम श्री कुमार ने सर्वे दलों को 2 दिनों में सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उनके सख्त निर्देशानुसार दलों में शामिल अमले को नुकसानी के फोटो, वीडियो अनिवार्य रूप से पंचनामें के साथ प्रस्तुत करना होगी। राहत सामग्री या सर्वे के संबंध में कोई भी व्यक्ति जनपद पंचायत कसरावद में स्थापित कंट्रोल के नंबर 99265-06193 पर संपर्क कर सकते है।
दलों को ये भी है निर्देश और ये जुटे है सर्वे में-
सर्वे दलों को दिए आदेश में कहा गया कि सभी तरह के निर्धारित प्रारूप में जानकारी भरकर हस्ताक्षर करेंगे। क्षति पत्रक में नुकसानी की पूरी जानकारी भरना होगी। इसमें परिवार के मुखिया के नाम, फसल क्षति के सम्बंध में भूमिस्वामी नाम तथा पंचनामें में सर्वे दलों के अलावा ग्रामवासियों, सरपंच के भी हस्ताक्षर कराएंगे। सर्वे दल में अधिकांश नोडल अधिकारी कृषि विभाग के हैं। इनके अलावा सहायक नोडल अधिकारी, सचिव, रोजगार सहायक, कही कही शिक्षक, कोटवार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और उपयंत्रियों को शामिल किया गया है।