ग्वालियर। आगामी विधानसभा निर्वाचन में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एज्यूकेशन एण्ड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) के तहत विभिन्न प्रकार की जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। कहीं मानव श्रृंखला तो कहीं शपथ और तो कहीं रैलियाँ निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।
इस कड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हजीरा क्षेत्र में खाटू श्यामजी मंदिर से बिरलानगर तक मानव श्रृंखला बनाई गई। साथ ही मतदान जागरूकता पर केन्द्रित पोस्टर बैनर हाथ में लेकर रैली निकाली और लोगों को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिये प्रेरित किया गया। इसी तरह जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार की मौजूदगी में उद्योग विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वयं मतदान करने और दूसरों को मतदान करने के लिये प्रेरित करने की शपथ ली।
बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उटीला सहित स्वास्थ्य विभाग की अन्य संस्थाओं में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मतदान करने की सामूहिक रूप से शपथ ली। लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी विभाग द्वारा विभिन्न ग्रामों व शहर के वार्डों में जगह-जगह दीवारों पर मतदान करने के संबंध में स्लोगन लिखवाए जा रहे हैं।