मंदसौर। पुलिस अधीक्षक मंदसौर अनुराग सुजानिया द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम एवं तस्करो के विरुध्द कड़ी कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिये गये थे। जिसके तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौतम सौलंकी व अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ रघु केशरी के मार्गदर्शन में निरीक्षक जितेन्द्र सिंह सिसौदिया थाना प्रभारी नारायणगढ़ द्वारा सफेमा एक्ट के तहत कड़ी कार्यवाही करते हुये आरोपी तस्कर श्यामसिंह निवासी मुण्डला जिला नीमच द्वारा अवैध रुप से तस्करी कर अर्जित की गयी कुल 10 करोड़ 28 लाख रुपये की संपत्ति का सक्षम प्राधिकारी सफेमा/एनडीपीएस कार्यालय मुंबई (महाराष्ट्र) से फ्रीजिंग आदेश जारी कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुर्व थाना प्रभारी नारायणगढ़ निरीक्षक तेजेन्द्र सिंह सेंगर एवं पुलिस टीम द्वारा दिनांक 14 अप्रैल 23 को मुखबिर सुचना पर कार्यवाही करते हुए आरोपी श्यामसिंह पिता भंवरसिह बोराना जाति सौंधिया राजपुत उम्र 41 साल निवासी मुण्डला जिला नीमच के आधिपत्य वाली स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 44 सीए 3998 से पांच काले रंग के रेगजीन के थैलो व एक प्लास्टिक के कट्टे के थैले मे भरी अवैध मादक पदार्थ अफीम कुल 31 किलो किमती 31,00,000 रुपये को जप्त की जाकर थाना नारायणगढ़ पर अपराध क्रमांक 136/2023 धारा 8/18, 25 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीबद्ध किया गया था। जिसकी अग्रिम विवेचना वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह सिसौदिया द्वारा की गयी।
विवेचना के दौरान आरोपी श्यामसिंह की चल अचल संपत्ति की जानकारी संकलित की जाकर सफेमा एक्ट के तहत संपत्ति फ्रीज कराने हेतु प्रकरण तैयार कर सक्षम प्राधिकारी सफेमा/एनडीपीएस कार्यालय मुंबई (महाराष्ट्र) के समक्ष पेश किया गया। जिस पर कार्यवाही करते हुये सक्षम प्राधिकारी सफेमा/एनडीपीएस कार्यालय मुंबई (महाराष्ट्र) द्वारा आरोपी श्यामसिंह द्वारा अवैध रुप से लाभ कमाकर बनाई गयी बायपास पर स्थित होटल संयोग, ग्राम मुंडला में स्थित जमीन, मल्हारगढ़ में स्थित प्लॉट एवं हुण्डई क्रेटा कार आदि कुल 10 करोड़ 28 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया।
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक जितेन्द्र सिंह सिसौदिया थाना प्रभारी नारायणगढ़, पुर्व थाना प्रभारी नारायणगढ़ निरीक्षक तेजेन्द्र सिंह सेगर, उनि संजय प्रताप सिंह, उनि राजाराम वर्मा, प्रआर अनुप सिंह, आर दीपक मीणा, आर नरेन्द्र सिंह राठौड़, मआर कविता का सराहनीय योगदान रहा। जिन्हें पुलिस अधीक्षक द्वारा पृथक से पुरस्कृत किया जाएगा।