विदिशा। जिला स्तरीय क्लस्टर, औद्योगिक क्षेत्र विदिशा के अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण, निर्यात संबंधी सेमिनार एवं रोजगार दिवस कार्यक्रम का आयोजन आज विदिशा के पुलिस लाइन स्थित पुलिस सामुदायिक भवन में किया गया था। इस कार्यक्रम में विदिशा नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष वीर सिंह रघुवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तोरण सिंह दांगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन समेत अन्य जनप्रतिनिधियों उद्योगपति के द्वारा दीप प्रज्वलन व कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के द्वारा औद्योगिक क्षेत्र विदिशा में 1 करोड़ 90 लाख के निवेश से अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। निर्यात को बढ़ावा देने हेतु सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में जानकारी के साथ-साथ जिले के नव युवक, युवतियों को स्वयं का उद्योग, सेवा व्यवसाय स्थापित करने हेतु विभिन्न बैंक शाखाओं द्वारा शासन द्वारा चलाई जा रही स्वरोजगार योजनाओं में ऋण स्वीकृति, वितरण किया गया है। जिला स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तोरण सिंह दांगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन के द्वारा संबोधित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ योगेश भरसट के अलावा विदिशा के उद्योगपतिगण प्रदीप मित्तल, बलराम विश्वकर्मा, मोहन जैन, हिमांशु राठी, शुभम साहू, अजय साहू, समेत अन्य मौजूद रहे। रोजगार दिवस कार्यक्रम में भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं में कुल 1136 पात्र हितग्राहियों को उद्यम स्थापना हेतु राशि रूपये 8 करोड़ 47 लाख 6 हजार के ऋण प्रकरण स्वीकृत एवं वितरित किये गए हैं कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री पथकर विक्रेता योजना, भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, आदिवासी वित्त विकास निगम, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना, मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम योजना, मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री विमुक्त घुमन्तू और अर्ध घुमन्तू स्वरोजगार योजनांतर्गत ऋण स्वीकृत, वितरण किये गए हैं।