खरगोन। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने 22 सितंबर को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक लेकर जल जीवन मिशन एवं जल निगम के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देेश दिए। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्य पालन यंत्री बीएस अचाले, उपयंत्री एवं नल जल योजनाओं के ठेकेदार भी उपस्थित थे।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जल जीवन मिशन के जिन योजनाओं पर कार्य चल रहा है उन्हें शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। नल जल योजना का कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा के भीतर होना चाहिए। जिन योजनाओं के टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है उनका कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा गया। नल जल योजना का कनेक्शन ग्राम की शाला एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए गए। जिन ठेकेदारों द्वारा नल जल योजना के कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है उनके विरूद्ध नोटिस जारी कर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। जो योजनाएं पूरी हो गई है उन्हें संबंधित ग्राम पंचायत को हस्तातंरित की जाए। जल जीवन मिशन की नवीन स्वीकृत योजनाओं के टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिन पंचायतों की नल जल योजनाओं में वोल्टेज की समस्या आ रही है उसके निराकरण के लिए एमपीईबी के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखण्ड खरगोन में 31, भगवानपुरा में 88, सेगांव में 22, गोगांवा में 38, कसरावद में 106, भीकनगांव में 93, झिरन्या में 111, बड़वाह में 169 एवं महेश्वर में 120 नल जल योजनाएं स्वीकृत है। इन 778 नल जल योजनाओं से 2 लाख 25 हजार 415 नल कनेक्शन दिया जाना प्रस्तावित है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले की 1958 शालाओं में नल कनेक्शन दिया जाना है। इनमें से 1788 शालाओं की योजना पूर्ण कर हस्तांतरित की गई है। इसी प्रकार 810 आंगनवाड़ी केन्द्रों में से 735 में नल कनेक्शन दिया जा चुका हैं।