नीमच। पिछले 25 वर्षों से मांगों को सरकार द्वारा अनसुना करने से नाराज पटवारी 28 अगस्त से हड़ताल पर है। पिछले कई दिनों से विभिन्न तरीके अपना कर पटवारी सरकार का ध्यान अपनी मांगो की और ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा कोई तवज्जो नहीं दी जा रही है। 2800 पे ग्रेड किए जाने की मांग को लेकर पटवारियों ने आज काले कपड़े पहन हाथों में तख्तियां लेकर और कपड़ों पर स्टीकर चस्पा कर नीमच में एक पैदल मौन जुलूस निकाला। पटवारी मकान किराया भत्ता और वाहन भत्ता बढ़ाने की भी मांग कर रहे है।
मौन जुलूस शोरुम चौराहा स्थित अंबेडकर सर्किल से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक टैगोर मार्ग होता हुआ भारत माता चौराहा 40 पर पहुंचा। यहां कुछ देर मौन प्रदर्शन करने के बाद धरना दिया गया। बताते चलें कि प्रदेश में 19000 पटवारी हड़ताल पर है। आज मौन प्रदर्शन में जिले के करीब 150 पटवारी शामिल हुए। पटवारियों के हड़ताल पर जाने से शासन के कई विभाग के काम प्रभावित हो रहे हैं।