कटनी। मतदाता सूची के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जागरूकता की चलाई गई विभिन्न गतिविधियों के फलस्वरूप जिले में इपी रेशो और जेंडर रेशो में खासा इजाफा हुआ है। वहीं 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या में भी खासी वृद्धि देखी गई है। यह जानकारी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन और उप जिला निर्वाचन अधिकारी साधना कमलकांत परस्ते सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारी और सदस्य गण मौजूद रहे।
कलेक्टर प्रसाद ने बैठक में मतदाता सूची के द्वितीय विशेष संक्षिप्त कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नाम जोड़ने के लिए कुल 22हजार919 फॉर्म प्राप्त हुए, जबकि नाम काटने के लिए 12हजार267 और त्रुटि सुधार किए जाने के लिए 19 हजार 699 आवेदनो को मिला कर कुल 54 हजार 885 आवेदन प्राप्त हुए। 53 हजार 983 फार्माे का निराकरण किये जाने की जानकारी बैठक में दी गई।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान स्थिति में जिले का जेंडर रेशों 955.49 और ईपी रेशों 63.88 है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान वर्तमान स्थिति में 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या 41हजार984 होने की जानकारी दी गई।
बैठक में 26 तारीख को संभागायुक्त एवं रोल प्रेक्षक की मौजूदगी में होने वाली बैठक की जानकारी देते हुए सभी से उपस्थित रहने का आग्रह किया गया और बताया गया कि सभी विधानसभा क्षेत्र के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को एमसीसी का प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा। बैठक में राजनैतिक दलों को निर्वाचन के दौरान उपयोगी वस्तुओं की दर निर्धारण की सूची भी प्रदान की गई और अगली बैठक में इस सूची के संबंध में सबसे विमर्श करने के बाद अंतिम रूप देने पर सहमति बनी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने कानून व्यवस्था के संबंध में राजनैतिक दलों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आग्रह किया कि राजनैतिक दल अपने सभी लोगों को मोटर व्हीकल नियमों का पालन करने के लिए समझाइश दें कि वे हूटर नहीं लगायें, वाहनों के नंबर प्लेट पर नंबर के अलावा कुछ और ना लिखवायें।उन्होंने बताया कि जिले के सभी 1163 मतदान केंद्रो पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और पूरे चुनाव प्रक्रिया के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी ।
इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम भी संचालित रहेगा जहां चुनाव से संबंधित कोई भी शिकायत सी-विजील ऐप पर या कंट्रोल रूम में दी जा सकती है ।पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब की बिक्री से संबंधित कार्रवाइयों को और तेज किया जाएगा तथा आपराधिक तत्वों के विरुद्ध जिला बदर और एन एस ए जैसी कार्रवाइयां की जाएंगी।