नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित बगीचा नंबर-10 क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर शुक्रवार को रहवासियों ने नाराजगी जताई। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उन्हें दो दिन में केवल लगभग 10 मिनट ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे दैनिक जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। साथ ही गंदे पानी की आपूर्ति होने की शिकायत भी की गई।
सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद किरण शर्मा मौके पर पहुंचीं और नगर पालिका के जलकल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बुलाकर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि अमृत 2.0 योजना के तहत अब तक इस वार्ड को क्यों नहीं जोड़ा गया, जबकि इस संबंध में पूर्व में आवेदन भी प्रस्तुत किया जा चुका है।
रहवासियों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से अमृत 2.0 योजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक धरातल पर कोई कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में जल्द से जल्द नई पाइपलाइन बिछाकर नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
रहवासियों ने चेतावनी दी कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया और नई पाइपलाइन का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे नगर पालिका अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) एवं प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए कलेक्टर कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।