नीमच। नवारक्षी प्रशिक्षण केंद्र-प्रथम, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) नीमच में गुरुवार को 76 महिला नवारक्षियों के 44 सप्ताह के बुनियादी प्रशिक्षण पूर्ण होने पर शपथ ग्रहण एवं दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक एवं प्राचार्य, रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र, सीआरपीएफ नीमच प्रमोद कुमार सिंह ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। परेड की कमान निरीक्षक (जीडी) नीतेश कुमार ने संभाली।
दीक्षांत परेड में कुल चार कंटिंजेंट शामिल हुए। इस अवसर पर सभी महिला नवारक्षियों ने पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ राष्ट्र सेवा की शपथ ली।
मुख्य अतिथि प्रमोद कुमार सिंह ने प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला नवारक्षियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी नवारक्षियों को देश सेवा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में आरटीसी नीमच के कमांडेंट छोटन ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में प्रथम वाहिनी के कमांडेंट विजय कुमार, 4 सिग्नल बटालियन के कमांडेंट हरबिंदर सिंह, उप कमांडेंट पवन कुमार गौतम सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षकों के परिवारजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।