देवास। उज्जैन रोड स्थित विद्या कुंज इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार सुबह स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को इसका कारण माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि अवकाश होने के कारण स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्कूल के कर्मचारियों ने स्टोर रूम से धुआं उठता देखा और मौके पर पहुंचने पर अंदर आग लगी मिली, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। स्टोर रूम में भारी मात्रा में सामान भरा होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन करीब 2 से 2.5 घंटे में आग पूरी तरह बुझा दी गई।
सूचना मिलने पर स्कूल संचालक प्रयास गौतम भी मौके पर पहुंचे, वहीं पुलिस प्रशासन की टीम भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंची।
स्कूल संचालक प्रयास गौतम के अनुसार प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। आग स्टोर रूम तक ही सीमित रही। इस घटना में स्टोर में रखा फर्नीचर, पुस्तकें, पुराने एसी और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक तौर पर 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।