नीमच। विकासखंड नीमच की ग्राम पंचायत भाटखेड़ा अंतर्गत ग्राम हनुमंत्या व्यास में पेयजल समस्या का प्रशासन ने त्वरित समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की। समस्या के निराकरण के बाद ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने 19 जून 2026 को कलेक्टर के समक्ष पेयजल व्यवस्था बाधित होने तथा चौकीदार एवं सरपंच द्वारा पानी बेचने की शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत मिलते ही कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में विभाग के सहायक यंत्री एवं मैदानी अमले ने ग्राम पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा की। कार्यपालन यंत्री दीपेश वास्पत ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि शासकीय कुएं का पानी चौकीदार एवं नलचालक द्वारा सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को दिया जा रहा था। संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासकीय कुएं का पानी केवल पेयजल उपयोग के लिए ही रहेगा। भविष्य में ऐसा पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच में यह भी सामने आया कि नल-जल योजना का विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने तथा मोटर पंप खराब होने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई थी। विद्युत विभाग के समन्वय से नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया तथा ग्राम पंचायत द्वारा मोटर पंप की मरम्मत कर उसे पुनः चालू किया गया।
मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू हो गई। समस्या के समाधान पर ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा का धन्यवाद ज्ञापित किया।