मंदसौर। शहर के बालागंज स्थित धनगर मोहल्ले में गुरुवार देर रात एक मकान में भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 2.30 बजे की है। सूचना मिलते ही नगर पालिका का दमकल दल और पुलिस मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस मकान में आग लगी थी, उसमें बड़ी मात्रा में रद्दी, कचरा एवं अन्य कबाड़ का भंडारण किया गया था। अधिक मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के रहवासियों ने एहतियात के तौर पर अपने घर खाली कर दिए। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद दमकल विभाग की टीम ने लगातार अभियान चलाकर करीब डेढ़ घंटे में आग पर नियंत्रण पाया।
स्थानीय रहवासियों ने मकान में बड़ी मात्रा में रद्दी और कबाड़ जमा किए जाने पर चिंता जताई। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी मकान मालिक को कई बार समझाइश दी गई थी, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उनका मानना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाते तो इस घटना से बचा जा सकता था।
आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल आग लगने के कारणों तथा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।