देवास। जिला अभिभाषक संघ के चुनाव देर रात शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। मतगणना के बाद रात करीब 1 बजे अध्यक्ष पद पर रामप्रसाद सूर्यवंशी को विजयी घोषित करते हुए उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा गया।
इस चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर विशाल तिवारी, महिला उपाध्यक्ष पद पर जयंती पौराणिक, सचिव पद पर चंद्रपाल सिंह सोलंकी, सहसचिव पद पर अशोक कुमार गुजराती, कोषाध्यक्ष पद पर गीता शर्मा तथा पुस्तकालय सचिव पद पर विजय सोनी ने जीत दर्ज की।
परिणाम घोषित होते ही न्यायालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया। अधिवक्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पवर्षा, चुनरी ओढ़ाकर, मिठाई खिलाकर एवं आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया।
निर्वाचन के बाद अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्यवंशी सबसे पहले श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात वे अन्य पदाधिकारियों के साथ देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के कार्यालय पहुंचे, जहां सभी का सम्मान करते हुए चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने अधिवक्ताओं के हित में बड़ी घोषणा करते हुए सांसद निधि से जिला अभिभाषक संघ को 20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की और सभी को शुभकामनाएं दीं।
वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्यवंशी ने कहा कि “अब कल से गारंटी और दलाली बंद होगी, परिवर्तन होगा।” उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने और पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने का भरोसा दिलाया।
देर रात तक न्यायालय परिसर और सांसद कार्यालय में जीत का जश्न जारी रहा।