छतरपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा 17 से 26 जून तक मनाए जा रहे नशा मुक्ति भारत सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को छतरपुर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
जागरूकता रैली का शुभारंभ उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 से हुआ। रैली छत्रसाल चौराहा होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर, बैनर और जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी शिवानी असाटी ने बताया कि नशा मुक्ति भारत सप्ताह के तहत आयोजित इस रैली के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सामाजिक न्याय विभाग, नगर पालिका तथा स्कूल शिक्षा विभाग का सहयोग रहा। उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के प्राचार्य संतोष शर्मा सहित विभागीय अधिकारियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति में रैली का आयोजन किया गया।