शामगढ़। मोहर्रम के पवित्र अवसर पर मुस्लिम समाज के युवाओं ने सामाजिक सरोकार और मानवता की अनूठी मिसाल पेश की। भीषण गर्मी और तपिश के बीच युवाओं ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन यात्रियों को ठंडे पानी की बोतलें निःशुल्क वितरित कीं।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने इस सेवा कार्य की जमकर सराहना की। स्टेशन अधीक्षक सहित आरपीएफ एवं जीआरपी पुलिस ने भी युवाओं की पहल की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
युवाओं ने दिनभर बिना किसी भेदभाव के धर्म, जाति और समुदाय से ऊपर उठकर मानवता को प्राथमिकता देते हुए न केवल ट्रेन यात्रियों, बल्कि बस यात्रियों को भी पानी की बोतलें एवं फल वितरित किए।
इसके साथ ही सिविल अस्पताल शामगढ़ में भर्ती मरीजों को भी फल, बिस्किट और पानी की बोतलें वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया गया। युवाओं ने कहा कि वे इमाम हुसैन (अ.स.) के संदेशकृसच्चाई, ईमानदारी और इंसानियतकृके मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ यह सेवा कार्य कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 10 मोहर्रम को पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की शहादत की याद में मोहर्रम मनाया जाता है। इस अवसर पर समाजजन पानी, शर्बत, फल एवं भोजन वितरण कर इंसानियत का संदेश देते हैं और उनके बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद करते हैं।
शामगढ़ में युवाओं की यह पहल सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश देती है।