अलीराजपुर। विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत मतदान कार्य शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के पश्चात मतदान सामग्री जमा स्थल पर पहुंचने पर मतदान दलों एवं वाहन संचालन टीम, सुरक्षा टीम का पुष्पमाला से स्वागत किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभय अरविंद बेडेकर के मार्गदर्शन एवं दिशा निर्देशों में रिटर्निंग आफिसर अलीराजपुर 192 तपीस पांडे, एसडीएम सोंडवा योगेन्द्र मौर्य, डिप्टी कलेक्टर एवं परिवहन नोडल अधिकारी सीजी गोस्वामी ने मतदान दल के पीठासीन अधिकारी, मतदान दल के समस्त कर्मचारी, सुरक्षाबलों, वाहन प्रभारी, वाहन चालक आदि का पुष्पमाला से स्वागत किया। सभी कर्मचारियों को मतदान कार्य को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने पर बधाई दी गई। उक्त सम्मान पाकर मतदान दल के अधिकारी-कर्मचारीगण, सुरक्षाबल, वाहन चालक आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का उक्त सम्मान पर आभार माना।