धार। त्योहारी सीजन के बाद धार की कृषि उपज मंडी में उपज की खरीदारी सोमवार सुबह से शुरु हो गई है। पिछले 10 दिनों से मंडी में नीलामी कार्य बंद किया गया था, पहले दीपावली पर्व उसके बाद विधानसभा चुनाव की डयूटी सहित मतदान के कारण लंबे समय बाद इतनें दिनों तक मंडी बंद रही।
इधर आज से खुलने वाली मंडी में अपनी उपज बेचने के लिए किसान रविवार दोपहर से ही धार आ गए थे, पूरे मंडी परिसर में वाहनों की लंबी लाइन देखी जा रही है। इस सीजन में आज बंपर आवक की उम्मीद हैं, इधर पीले सोने के रूप में सोयाबीन किसान बड़ी संख्या में लेकर आ रहे हैं। मंडी में सीजन की आवक बढ़ने के बाद व्यवस्था के अभाव में खासी परेशानी झेलना पड़ती है। मंडी रोड पर अतिक्रमण और दिनभर वाहनों की आवाजाही भी परेशानी खड़ी करती है।
सोमवार को शुभ मुहूर्त में अनाज दलहन-तिलहन व्यापारी एसोसिएशन द्वारा मंडी प्रांगण कार्यालय में भगवान का पूजन किया गया। इसके बाद व्यापारी और मंडी अधिकारी नीलामी स्थल पहुंचे, जहां पर किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करने के बाद नीलामी शुरू किया गया। धार कृषि उपज मंडी में आसपास के सैकड़ों किसान प्रतिदिन अपनी आवक लेकर मंडी आते हैं।
कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोयाबीन का अधिकतम भाव 5900 से 6 हजार रुपए के आसपास बना रहेगा। मंडी बंद होने के पहले सोयाबीन की आवक 8 हजार से लेकर 10 हजार बोरियों तक हो रही थी, जो सोमवार को 12 हजार बोरियां आने की उम्मीद के आधार पर ही कर्मचारियों ने तैयारी की है। हजारों क्विंटल उपज की आवक के चलते मंडी परिसर में बने तौल कांटे पर तुलाई के लिए ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतार भी लगी रही।