भोपाल। पंजाबी समाज का दीपावली मिलन समारोह रविवार शाम होटल रेसिडेंसी एमपी नगर भोपाल में आयोजित किया गया। इस मौके पर गीत-संगीत का भी कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बोर्ड के सदस्य परिवार समेत शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष संजीव सचदेवा के सम्बोधन से हुई। उन्होंने आमंत्रित अतिथियों और सदस्यों का अभिनंदन किया साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने पर धन्यवाद भी दिया। अध्यक्ष सचदेवा ने काटजू हॉस्पिटल टी टी नगर भोपाल में प्रतिदिन संचालित होने वाली निःशुल्क भोजन सेवा पर रिपोर्ट दी साथ ही अन्य विषयों पर भी चर्चा की। इसके बाद संगठन के सदस्यों ने मंच पर पुराने नगमें प्रस्तुत किए, जिस पर लोग झूम उठे।
इस मौके पर समाज के संरक्षक कुलदीप सिंह गुलाटी, जसबीर सिंह भीमरा, परमजीत सिंह चंडोक, अध्यक्ष संजीव सचदेवा, महासचिव इंद्रपाल सिंह, मनमोहन सिंह, भोपाल के प्रमुख चिकित्सक डॉ संजय कुमार, डॉ संजीव गुलाटी,लेडीज विंग अध्यक्ष सविता शाह, सचिव स्वीटी सेठी सहित समाज के गण मान्य सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों को मिठाई वितरण किया गया।
इसी तारतम्य में सोमवार शाम सफल रिट्रीट भोपाल में पंजाबी समाज की महिला विंग दीपावली मिलन समारोह आयोजित करेगी। जिसमें महिलाओं द्वारा गीत संगीत समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद डिनर का भी आयोजन किया गया है।