देवास। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रभात कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में दिनांक 09 दिसम्बर 2023 शनिवार को जिले के समस्त न्यायालयों में वृहद स्तर पर इस वर्ष की चतुर्थ नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। नेशनल लोक अदालत के प्रचार.प्रसार हेतु दिनेश प्रसाद मिश्र विशेष न्यायाधीश द्वारा प्रचार.रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उक्त प्रचार वाहन के साथ.साथ नगर पालिक निगम देवास एवं विद्युत वितरण कंपनी के प्रचार वाहनों को भी नेशनल लोक अदालत के प्रचार प्रसार हेतु रवाना किया गया। प्रचार.रथ द्वारा नेशनल लोक अदालत का प्रचार.प्रसार किया जाएगा एवं आमजन को नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों के निराकरण हेतु जागरूक किया जाएगा।इस अवसर पर श्रीमती निहारिका सिंह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बताया कि 09 दिसम्बर 2023 को देवास मुख्यालय एवं तहसील सोनकच्छ बागली कन्नौद खातेगांव एवं टोंकखुर्द के न्यायालयों में वर्ष की चतुर्थ नेशनल लोक अदालत आयोजित की जा रही है।पक्षकार संबंधित न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर नेशनल लोक अदालत में राजीनामा कर प्रकरण का निराकरण करा सकते हैं। लोक अदालत में ना तुम जीते ना मैं हारा की भावना के साथ राजीनामा के आधार पर मामले का शीघ्र और बिना किसी व्यय के निराकरण होता है इससे पक्षकारों के बीच का प्रेम और स्नेह बना रहता है। नेशनल लोक अदालत में दीवानी एवं चौक अनादरण से संबंधित प्रकरणों में न्यायशुल्क की राशि की नियमानुसार वापसी होती है जिससे पक्षकारों को अतिरिक्त लाभ होता है। अतःअधिक से अधिक पक्षकार इस अवसर का लाभ उठायें।