सीहोर। विधानसभा निर्वाचन 2023 की मतगणना 3 दिसंबर 2023 को जिला मुख्यालय स्थित शासकीय महिला पोलिटेक्निक महाविद्यालय में होगी। मतगणना परिसर में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह द्वारा गत दिवस कार्यपालिक मजिस्ट्रेटो की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों को 2 दिसंबर 2023 को प्रातः 11:00 बजे कर्तव्य स्थल पर प्रशिक्षण लेकर 3 दिसंबर 2023 को प्रातः 5 बजे मतगणना स्थल पर कानून-व्यवस्था संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने के आदेश दिए है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिंह द्वारा भेरूंदा के अनुविभागीय दंडाधिकारी मदन सिंह रघुवंशी को मतगणना परिसर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। इनके सहायक अधिकारी दोराहा तहसीलदार अर्पित मेहता, सहायक अधीक्षक भू अभिलेख अभिनव आर्य, नायब तहसीलदार संदीप गौर, भू अभिलेख प्रभारी अधीक्षक विजय सारठिया, सहायक अधीक्षक भू अभिलेख अनीश कुरैशी को बनाया गया है।