देवास। संस्था रामराम के संस्थापक शैलेन्द्रसिंह पंवार एवं राष्ट्रीय वंदे गौ माता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतू रघुवंशी तथा संस्था के अन्य सदस्यों ने सनातन धर्म की मर्यादा को बनाए रखने के लिए सभी आमजन एवं फ्लेक्स मशीन आपरेटरों से निवेदन किया है कि जहां तक संभव हो देवी देवताओं के फोटो फ्लेक्स पर प्रिंट न करें। क्योंकि अधिकतर यह देखने में आता है कि भगवान के फोटो फ्लेक्स व अन्य वस्तुुओं जैसे कैलेंडर, अगर बत्ती आदि पर लगाने के बाद इनकी ओर कोई ध्यान नहीं देता है जिस कारण से ये फ्लेक्स कुछ समय बाद सड़कों पर, नालियों में या कचरे के ढेर में नजर आते हैं। जिससे कि हमारे सनातन धर्म व देवी देवताओं का अपमान होता है। रघुवंशी एवं पंवार ने कहा कि हम सनातनियों का दायित्व है कि हम अपने देवी देवताओं के चित्रों का उपयोग अगर करते हैं तो उसे व्यवस्थित रूप से संरक्षित रखें या उसे ऐसी जगहों पर रखें कि जिससे देवी देवताओं का अपमान न हो।