मुरैना। शहर में स्कूल वाहनों की चेकिंग के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस सड़कों पर उतर आई है। बुधवार को करीब तीन घंटे चली कार्रवाई में तीन बसों सहित दर्जनभर स्कूल वाहनों को पकड़कर थानों में खड़ा करवा दिया गया। आरटीओ अर्चना परिहार, यातायात सूबेदार गजेंद्र सिंह की टीमों ने बैरियर के पास और एसपी आफिस के पास चेकिंग पाइंट लगाकर स्कूल वाहनों की जांच की। तीन घंटे चली इस में कार्रवाई में 47 स्कूल वाहनों को चेकिंग के लिए रोका गया। इस दौरान नौ वाहन ऐसे मिले, जिनमें मेडिकल बाक्स, अग्निशमन यंत्र जैसी सुविधाएं नहीं थीं। इन वाहनों से 9300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनके अलावा कई मैजिक वाहनों पर भी कार्रवाई की जो बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के पाए गए। आधे से ज्यादा स्कूल वाहनों के पास अनुबंध भी नहीं था। इन 12 स्कूल वाहनों को जब्त कर सिविल लाइन व यातायात थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। आरटीओ अर्चना परिहार ने बताया कि जब्त किए गए इन 12 वाहनों से 2.30 लाख रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है।