मंदसौर। जिला पोषण एवं जिला स्वास्थ्य समिति की संयुक्त बैठक गुरुवार को कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं की प्रत्येक तीन माह में अनिवार्य रूप से चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य जांच कराई जाए। साथ ही प्रत्येक माह की 2, 9, 16 एवं 25 तारीख को नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को श्सार्थकश् ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले की सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा केंद्र खुलने की जानकारी पोषण ट्रैकर एवं संपर्क पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
उन्होंने जिले के सभी विकासखंडों में टीबी जांच शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बच्चों की अपार आईडी एवं आभा आईडी शत-प्रतिशत बनाने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में कुपोषित बच्चों की नियमित भर्ती सुनिश्चित करने तथा आगामी भर्ती के लिए ड्यू लिस्ट तैयार कर उसके अनुसार बच्चों को भर्ती करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या, सीएमएचओ डॉ. गोविंद सिंह चौहान, जिला समन्वयक, जिला परियोजना सहायक, ब्लॉक मेडिकल अधिकारी, परियोजना अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।