नीमच। नगर पालिका नीमच द्वारा आज जिला चिकित्सालय के बाहर मुख्य रोड पर अतिक्रमण कर लगाई गई गुमटियों को हटाने की ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। नगरपालिका के अमले द्वारा करीब 18 गुमटियों को जेसीबी और ट्रैक्टर के माध्यम से नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा हटाया गया। इस दौरान सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ और नगरपालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे।
महेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि यहां अवैध रूप से कुछ लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर गुमटी लगाकर व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थी। चूंकि पास में जिला अस्पताल है। आवगमन और मरीजों को लाने ले जाने में दिक्कत होती है। रोड भी 60 फीट चौड़ा होना है। पूर्व में भी गुमटी संचालकों को कई बार गुमटी हटाने के लिए नोटिस दिए गए। लेकिन गुमटी मालिकों द्वारा नोटिस पर ध्यान नहीं दिया गया। जिस कारण आज 11 बजे से यह कार्रवाई कार्रवाई की गई।
यहां एक सवाल और खड़ा होता है कि अवैध गुमटी मालिकों को कानूनी रूप से विद्युत कनेक्शन किस आधार पर मिल जाता है? विद्युत विभाग नगर पालिका से सूची लेकर इस पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं करता।